नैनीताल। कैंची धाम मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय और मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) निवेदिता कुकरेती तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं फील्ड में उतरकर मेला व्यवस्थाओं का लगातार स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मेला क्षेत्र में स्थापित बैरियरों, पार्किंग स्थलों, शटल सेवा संचालन तथा यातायात प्रबंधन की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
आईजी एवं एसएसपी ने मेला क्षेत्र में की गई व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए प्रत्येक बिंदु की मॉनिटरिंग की तथा जहां कहीं भी सुधार की आवश्यकता महसूस हुई, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और जनसुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा उन्हें सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो। इसके लिए मेला क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती, निगरानी व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लगातार सुदृढ़ बनाया जा रहा है।
कैंची धाम मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए नैनीताल पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए है।





