नैनीताल। इस वर्ष आयोजित कैंची धाम स्थापना दिवस मेला-2026 ने श्रद्धालुओं की संख्या और व्यवस्थाओं के लिहाज से पिछले कई दशकों के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। मेले के सफल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित समापन पर श्री कैंची मंदिर समिति एवं मंदिर प्रबंधन ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन और नैनीताल पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।
श्री कैंची मंदिर समिति के सचिव आलोक चोपड़ा और प्रबंधक प्रदीप साह ने कहा कि वे पिछले लगभग 50 वर्षों से कैंची धाम की सेवा से जुड़े हैं, लेकिन अपने जीवन में इतना विशाल, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक मेला पहली बार देखा है। उन्होंने कहा कि इस बार श्रद्धालुओं की संख्या अप्रत्याशित रूप से अधिक रही, इसके बावजूद प्रशासन और पुलिस की सूझबूझ, समर्पण और कड़ी मेहनत के चलते संपूर्ण आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि नैनीताल पुलिस और जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पूरी क्षमता के साथ कार्य किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे और मेले के समापन तक उनके विशेष प्रयास जारी रहे।
दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर के कपाट एवं दर्शन का समय एक घंटे अतिरिक्त बढ़ाया गया, जिससे कतार के अंतिम छोर पर खड़े श्रद्धालुओं को भी बाबा नीब करौरी के सुगम दर्शन का अवसर मिल सका। एसएसपी नैनीताल ने भी मंदिर समिति के सदस्यों, सेवादारों और स्थानीय जनता का सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
मंदिर समिति ने बताया कि इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में राज्य सरकार का अभूतपूर्व सहयोग प्राप्त हुआ। साथ ही कुमाऊं आयुक्त, आईजी कुमाऊं, जिलाधिकारी, एसएसपी नैनीताल तथा पुलिस-प्रशासन के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने समन्वित प्रयासों से इस बड़ी चुनौती को सफलता में बदल दिया।
मेले के समापन अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं, सेवादारों और अधिकारियों ने “नीब करौरी बाबा की जय” के उद्घोष के साथ अपनी प्रसन्नता और संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, मंदिर समिति सचिव आलोक चोपड़ा, प्रबंधक प्रदीप साह, सदस्य मंजुल कुमार जोशी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, पीआरओ हेमा ऐठानी सहित मंदिर समिति के अन्य सदस्य, सेवादार तथा पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





