नैनीताल, 10 जुलाई 2026।
मौसम विभाग द्वारा 09, 10 एवं 11 जुलाई 2026 के लिए जारी भारी वर्षा के अलर्ट को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-87 विस्तार (नया एनएच-109) के ज्योलीकोट–क्वारब मार्ग पर रात्रिकालीन यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। यह व्यवस्था यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है।
अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, लोक निर्माण विभाग, हल्द्वानी के अनुसार ज्योलीकोट–क्वारब मार्ग के किमी 26 (पाड़ली), किमी 33 (फ्रॉग पॉइंट) एवं किमी 38 (छड़ा) क्षेत्र में लगातार बारिश के दौरान पहाड़ी से पत्थर एवं मलबा गिरने की आशंका अत्यधिक बढ़ गई है। ऐसे में मार्ग पर आवागमन करने वाले यात्रियों और रखरखाव कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
इसके तहत 09, 10 एवं 11 जुलाई को प्रतिदिन रात्रि 10:00 बजे से प्रातः 5:00 बजे तक ज्योलीकोट–क्वारब मार्ग पर सभी प्रकार के सामान्य वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
डायवर्जन व्यवस्था इस प्रकार रहेगी—
अल्मोड़ा से हल्द्वानी जाने वाले सभी वाहन क्वारब–नथुवाखान–रामगढ़–भवाली मार्ग से होकर हल्द्वानी जाएंगे।
रानीखेत से हल्द्वानी जाने वाले वाहन अल्मोड़ा–क्वारब–नथुवाखान–रामगढ़–भवाली मार्ग का उपयोग करेंगे।
हल्द्वानी से अल्मोड़ा जाने वाले वाहन खुटानी मार्ग से जाएंगे, जबकि अन्य वाहन भवाली–रामगढ़–नथुवाखान–क्वारब होकर अल्मोड़ा पहुंचेंगे।
हल्द्वानी से रानीखेत जाने वाले सभी वाहन भवाली–रामगढ़–नथुवाखान–क्वारब–अल्मोड़ा मार्ग से संचालित होंगे।
नैनीताल एवं ज्योलीकोट से अल्मोड़ा तथा रानीखेत जाने वाले सभी वाहन भवाली–रामगढ़–नथुवाखान–क्वारब होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस एवं अग्निशमन (फायर) सेवा के वाहनों को इस डायवर्जन व्यवस्था से छूट प्रदान की गई है।
जनपद पुलिस नैनीताल ने सभी यात्रियों, वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था के अनुसार बनाएं तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें।





