अल्मोड़ा, 11 जुलाई। आगामी 16 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले, राज्य स्तरीय हरेला पर्व एवं बहुउद्देशीय शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शनिवार को जागेश्वर, वृद्ध जागेश्वर और गरुड़ाबांज का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सभी विभागों को समयबद्ध, समन्वित और उच्च गुणवत्ता के साथ व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम वृद्ध जागेश्वर मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण को ध्यान में रखते हुए परिसर की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियां पूरी तत्परता से सुनिश्चित की जाएं।
इसके बाद जिलाधिकारी जागेश्वर धाम पहुंचे, जहां 16 जुलाई से प्रारंभ होने वाले श्रावणी मेले की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा तथा श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जागेश्वर क्षेत्र के पुजारियों, मंदिर समिति के पदाधिकारियों और अन्य हितधारकों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी गरुड़ाबांज पहुंचे, जहां राज्य स्तरीय हरेला पर्व का शुभारंभ एवं बहुउद्देशीय शिविर आयोजित होना प्रस्तावित है। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, मंच, बैठक व्यवस्था, पौधरोपण स्थल, विभागीय स्टॉल, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा और पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित विभागों को सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि श्रावणी मेला, हरेला पर्व और बहुउद्देशीय शिविर जनपद के महत्वपूर्ण आयोजन हैं। इनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आमजन की सहभागिता के साथ मुख्यमंत्री का प्रस्तावित आगमन भी है। ऐसे में सभी विभाग जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा करने तथा किसी भी कमी का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उपजिलाधिकारी द्वाराहाट सुनील कुमार राज, उपजिलाधिकारी भनोली सौम्या गर्ब्याल, प्रबंधक एवं तहसीलदार ज्योति धपवाल, मंदिर समिति के पदाधिकारी, जागेश्वर क्षेत्र के हितधारक तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





