हल्द्वानी, 13 जुलाई।
उत्तराखण्ड सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा-2026” के अंतर्गत सोमवार को नैनीताल जनपद से चयनित 37 श्रद्धालुओं का दल हल्द्वानी से देहरादून के लिए रवाना हुआ। हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन पर नैनीताल- ऊधमसिंहनगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए रवाना किया और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार की यह योजना उन श्रद्धालुओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जो आर्थिक अथवा अन्य कारणों से तीर्थयात्रा का सपना पूरा नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि सरकार ने यात्रियों के लिए आने-जाने, आवास, भोजन, चिकित्सा तथा स्थानीय परिवहन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई हैं। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र एवं समाज की समृद्धि, शांति और लोककल्याण की भावना का भी प्रतीक है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि हल्द्वानी से रवाना हुआ यह दल देहरादून पहुंचेगा, जहां प्रदेश के सभी 13 जनपदों से आए श्रद्धालुओं का समागम होगा। इसके बाद हर्रावाला (देहरादून) से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।
उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों से श्रद्धालु अपने-अपने क्षेत्र का पवित्र जल कलशों में लेकर सोमनाथ धाम पहुंचेंगे, जहां भगवान सोमनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। यह यात्रा प्रदेश की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
राज्य सरकार द्वारा संचालित इस विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा में यात्रियों के लिए वातानुकूलित (एसी) रेल यात्रा, आवास, भोजन तथा स्थानीय परिवहन की समस्त व्यवस्था निःशुल्क की गई है। यात्रा में महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, युवा, स्वयंसेवक तथा विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े नागरिक शामिल हैं। योजना का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि नैनीताल जनपद से इस यात्रा में 14 महिला एवं 23 पुरुष सहित कुल 37 श्रद्धालु शामिल हुए हैं।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, खण्ड विकास अधिकारी असगर तनवीर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।





