हल्द्वानी। बरेली रोड स्थित हरियाल मोटर्स के समीप नहर में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बाद में मोर्चरी पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान धौलाखेड़ा निवासी रिंकू मौर्य के रूप में की। पुलिस के अनुसार, शव की तलाशी के दौरान युवक की जेब से शराब की एक बोतल मिली, जबकि उसके हाथ पर ‘रिंकू’ नाम गुदा हुआ था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने परिजनों का पता लगाकर पहचान सुनिश्चित की।
बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश सिंह फर्त्याल ने बताया कि पूछताछ में परिजनों ने जानकारी दी कि रिंकू लंबे समय से अस्वस्थ था और उसे मिर्गी के दौरे पड़ते थे। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि नहर किनारे बैठे समय उसे अचानक दौरा या चक्कर आया होगा, जिससे वह संतुलन खोकर नहर में गिर गया।
हालांकि पुलिस अभी किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। परिजनों की ओर से फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।





