रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। फाटा-तरसाली मोटर मार्ग पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 45 वर्षीय संजय राणा तथा मोहन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक गुरुवार देर रात ट्रक संख्या UK13CA0826 से तरसाली की ओर जा रहे थे। जैसे ही वाहन फाटा-तरसाली मार्ग पर पहुंचा, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। रेस्क्यू दल ने अंधेरे और दुर्गम परिस्थितियों के बीच खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे के पीछे वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में रात के समय सफर के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील भी की गई है।





