भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने आज
धारी विकासखंड के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को दूरभाष पर आवश्यक निर्देश देते हुए जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
दौरे के दौरान मंत्री कैड़ा ने मझेड़ा, टाड़ी, धारी, सिलालेख, पहाड़पानी, सुनकिया, लेटीबुगा, सुंदरखाल और सरना सहित कई गांवों का भ्रमण किया। ग्रामीणों ने उनके समक्ष बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं।
मंत्री कैड़ा ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से बातचीत कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों को आपदा से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि जिन गांवों तक अभी सड़क सुविधा नहीं पहुंची है, उन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-4 में शामिल कर भारत सरकार को प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। स्वीकृति मिलते ही इन गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ने का कार्य शुरू किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि विकास योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य के साथ सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता है और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने क्षेत्र का दौरा कर उनकी समस्याएं सुनने और त्वरित कार्रवाई के निर्देश देने पर मंत्री कैड़ा का आभार व्यक्त किया।





