नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल को नया नेतृत्व मिल गया है। प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
माननीय कुलाधिपति के निर्देशों के क्रम में प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने 1 सितंबर से 21 सितंबर 2026 तक 21 दिनों के लिए कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का अतिरिक्त दायित्व संभाला। इस अवधि में उन्होंने विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा समस्त विश्वविद्यालय परिवार के सहयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
प्रो. लोहनी ने प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट के कुलपति पद का कार्यभार संभालने पर विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध, नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की समृद्ध अकादमिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नए शैक्षणिक एवं शोध अवसरों को विकसित करने की दिशा में प्रभावी कार्य होगा।
इस अवसर पर प्रो. लोहनी ने माननीय कुलाधिपति के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का अतिरिक्त दायित्व सौंपा जाना उनके लिए महत्वपूर्ण अकादमिक एवं प्रशासनिक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि इस अवधि में विश्वविद्यालय के विभिन्न स्तरों पर कार्य करने और विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं को निकटता से समझने का अवसर मिला।
प्रो. लोहनी ने कुमाऊं विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, विश्वास और सकारात्मक सहभागिता के कारण 21 दिनों का अतिरिक्त दायित्व सुचारु एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
उन्होंने कहा कि कुमाऊं विश्वविद्यालय और उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार, गुणवत्ता, शोध एवं नवाचार को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। दोनों विश्वविद्यालयों के बीच भविष्य में भी शैक्षणिक, शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में सहयोग और समन्वय को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।
प्रो. लोहनी ने नवनियुक्त कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वविद्यालय की निरंतर प्रगति और नई अकादमिक उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दीं।




