अल्मोड़ा। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) हल्द्वानी की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लमगड़ा ब्लॉक कार्यालय में तैनात एक लेखाकार को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार लमगड़ा ब्लॉक कार्यालय में तैनात लेखाकार हरीश बिष्ट पर आरोप है कि वह शिकायतकर्ता से लंबित बिलों के भुगतान के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। परेशान होकर शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी से की।
शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ने मामला सही पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कर ट्रैप टीम का गठन किया। तय योजना के अनुसार बुधवार को टीम ने जाल बिछाया और आरोपी लेखाकार को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी को अपने साथ ले गई और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।





