द्वाराहाट में चलते-चलते धू-धू कर जली बैंक कर्मी की कार, पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
द्वाराहाट/अल्मोड़ा, 12 जून 2026। चौखुटिया रोड स्थित ग्राम बैरती के पास शुक्रवार शाम एक चलती कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार डायल-112 के माध्यम से श्री कपिल आर्या ने सूचना दी कि उनकी कार में आग लग गई है और तत्काल सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही कोतवाली द्वाराहाट पुलिस टीम तत्काल ग्राम बैरती स्थित ग्रीन वैली रेस्टोरेंट के समीप घटनास्थल पर पहुंची।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि वाहन संख्या UK04AH3938 (निसान मैग्नाइट) में भीषण आग लगी हुई है। होटल स्वामी बालम सिंह नेगी तथा वाहन में सवार लोग आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस टीम ने भी तत्काल आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण शुरुआत में सफलता नहीं मिल सकी।
वाहन स्वामी कपिल आर्या, जो भारतीय स्टेट बैंक गौचर (कर्णप्रयाग) में कार्यरत हैं, ने बताया कि बैंक का कार्य समाप्त करने के बाद वह अपने साथियों शुभम और निखिल कोहली के साथ गौचर से हल्द्वानी जा रहे थे। शाम करीब 5:15 बजे ग्राम बैरती के पास अचानक वाहन का क्लच काम करना बंद कर गया। सड़क किनारे वाहन रोककर जांच करने पर इंजन के नीचे आग लगी दिखाई दी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वाहन सवारों ने तुरंत अपना आवश्यक सामान बाहर निकाल लिया और रेस्टोरेंट से पानी की पाइप तथा मिट्टी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद डायल-112 पर सूचना दी गई।
पुलिस ने आग बुझाने के साथ-साथ सुरक्षा की दृष्टि से द्वाराहाट और चौखुटिया मार्ग से आने वाले वाहनों को सुरक्षित दूरी पर रोककर यातायात व्यवस्था भी संभाली। कड़ी मशक्कत के बाद पानी और मिट्टी की सहायता से आग पर नियंत्रण पाया गया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण तकनीकी खराबी अथवा आकस्मिक घटना प्रतीत हो रहा है। वाहन स्वामी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।
घटना के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी गई है। अल्मोड़ा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन में किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी या आग जैसी आपात स्थिति होने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचें और तत्काल डायल-112 पर सूचना दें।





