अल्मोड़ा, 25 जून 2026।
जनपद अल्मोड़ा में गुरुवार को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” जिला टास्क फोर्स की बैठक मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पिछले वित्तीय वर्ष की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बालिकाओं एवं महिलाओं को ऐसे प्रशिक्षण प्रदान किए जाएं, जिनसे उनके लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ सकें। उन्होंने सिलाई, ब्यूटी पार्लर, नर्सरी प्रशिक्षण, पिरूल एवं हस्तशिल्प निर्माण, मशरूम उत्पादन, कंप्यूटर कोर्स तथा मोबाइल रिपेयरिंग जैसे व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाओं एवं महिलाओं को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना तथा ग्रामीण प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से प्रशिक्षित किया जा सकता है।
बैठक में कौशल विकास कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने तथा प्रशिक्षण के बाद महिलाओं को ई-मार्केटिंग का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर भी बल दिया गया, ताकि वे अपने उत्पादों और सेवाओं को बड़े बाजार तक पहुंचा सकें। साथ ही पुलिस विभाग को बालिकाओं के लिए नियमित सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
बालिकाओं और युवतियों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए जागरूकता एवं काउंसलिंग कार्यक्रमों को नियमित रूप से संचालित करने की आवश्यकता बताई गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्यालयों में प्रत्येक माह नशे के दुष्प्रभावों पर विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाएं।
बैठक में बाल विवाह तथा महिलाओं और बालिकाओं के उत्पीड़न की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को पोस्टर, सोशल मीडिया, वीडियो संदेशों तथा ग्राम और नगर स्तर पर जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं दंडात्मक व्यवस्थाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र सिंह, महिला पुलिस अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





