अल्मोड़ा। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर पुलिस ने व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। कस्बों, बाजारों, प्रमुख मार्गों, पर्यटन स्थलों और जनपद के प्रवेश मार्गों पर पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है।
अभियान के तहत थाना, चौकी और यातायात पुलिस की टीमों को विभिन्न क्षेत्रों में तैनात कर वाहनों के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों की भी गहन जांच की जा रही है। होटल, ढाबे, रिजॉर्ट और रेस्टोरेंटों में भी पुलिस द्वारा चेकिंग की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा अराजक गतिविधि पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
163 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए वाहन चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 163 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। वहीं नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर एक वाहन को सीज किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
34 व्यक्तियों पर पुलिस एक्ट में कार्रवाई
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त, बिना सत्यापन रह रहे बाहरी व्यक्तियों तथा सार्वजनिक स्थानों पर न्यूसेंस फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक ऐसे 34 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ड्रिंक एंड ड्राइव और रैश ड्राइविंग पर विशेष निगरानी
अभियान के दौरान पुलिस की विशेष निगरानी शराब के नशे में वाहन चलाने और रैश ड्राइविंग करने वाले चालकों पर है। पर्यटन सीजन और बढ़ती आवाजाही को देखते हुए प्रमुख मार्गों, चौराहों और पर्यटन स्थलों के आसपास पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई है।
पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध वाहनों की जांच के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की भी तलाश की जा रही है।
पर्यटन स्थलों और होटल-रिजॉर्ट पर भी नजर
अल्मोड़ा पुलिस द्वारा पर्यटन स्थलों, होटल, ढाबे, रिजॉर्ट और रेस्टोरेंटों में भी निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस का उद्देश्य पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ अराजक तत्वों और हुड़दंगियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपद के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, शराब के नशे में वाहन न चलाने और तेज गति अथवा लापरवाही से वाहन चलाने से बचने की अपील की है। साथ ही होटल, ढाबा, रिजॉर्ट एवं अन्य प्रतिष्ठानों के संचालकों से भी नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अल्मोड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





