हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक व्यक्ति को 9.98 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और मादक पदार्थों की तस्करी पर नजर बनाए हुए है।
इसी क्रम में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस टीम ने कालाढूंगी रोड स्थित जनता बैंड एवं ढोल दुकान के सामने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 9.98 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान परवेज अहमद (40 वर्ष), पुत्र जमील अहमद, निवासी नई बस्ती, गोपाल मंदिर के निकट, वार्ड नंबर-20, थाना वनभूलपुरा, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 234/2026 के तहत धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीत राठौर (प्रभारी चौकी हीरानगर), हेड कांस्टेबल मनोज कुमार तथा कांस्टेबल गिरीश चंद्र शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।





