हल्द्वानी, 02 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। आयुक्त कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर दीपक रावत ने कहा कि देश को पराधीनता से मुक्त कराने तथा राष्ट्र निर्माण में महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सादगी के सिद्धांतों के माध्यम से देश और समाज को नई दिशा दी, वहीं लालबहादुर शास्त्री ने अपने सादगीपूर्ण जीवन और राष्ट्रसेवा के आदर्शों से देशवासियों को प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सादगी के सिद्धांत तथा लालबहादुर शास्त्री का ‘जय जवान-जय किसान’ का उद्घोष आज भी प्रत्येक भारतीय को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। इन महान विभूतियों के विचार और आदर्श वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम के दौरान आयुक्त कैंप कार्यालय के सभी कार्मिकों ने भी महात्मा गांधी एवं लालबहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों को स्मरण किया।


