अल्मोड़ा, 02 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जनपद
भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया। इस दौरान महात्मा गांधी के प्रिय भजनों का गायन किया गया तथा दोनों महापुरुषों के जीवन, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इन आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करते हुए पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया।
अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने भी महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन त्याग, सादगी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उनके विचारों और आदर्शों को अपनाकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन किया जा सकता है।
इससे पूर्व प्रातः नगर में प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रभात फेरी के माध्यम से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचारों तथा देशभक्ति की भावना का संदेश दिया गया।
जयंती के अवसर पर जनपद के विभिन्न विभागीय कार्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया और उनके जीवन, संघर्ष, आदर्शों एवं राष्ट्र के प्रति योगदान का स्मरण किया।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी संजय कुमार, उप जिलाधिकारी जसमीत कौर, मुख्य कोषाधिकारी वीरेंद्र रावत सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे


