हल्द्वानी, 06 जून 2026।
आयुक्त एवं सचिव, मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। जनसुनवाई में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, धनराशि वापसी, धोखाधड़ी तथा सोशल मीडिया के माध्यम से उत्पीड़न जैसे गंभीर मामले सामने आए, जिन पर आयुक्त ने तत्परता से कार्रवाई के निर्देश दिए।
स्कूल भूमि लीज विवाद का मामला पहुंचा जनसुनवाई में
शिकायतकर्ता भव्ये भंडारी ने बताया कि केवीएम पब्लिक स्कूल के संचालन हेतु शमशाद हुसैन के साथ 30 वर्षों के लिए भूमि लीज अनुबंध किया गया था, लेकिन संबंधित भूमि स्वामी द्वारा अनुबंधित भूमि पर कब्जा बनाए रखा गया है। इस पर शमशाद हुसैन ने बताया कि उन्होंने विद्यालय को अनुबंध के तहत प्राप्त धनराशि में से 40 लाख और 12 लाख रुपये, कुल 52 लाख रुपये वापस कर दिए हैं। मामले की सुनवाई के बाद आयुक्त ने शिकायतकर्ता को आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत अग्रिम कार्रवाई करने की सलाह दी।
विधवा महिला की बकाया धनराशि दिलाने का आश्वासन
नई बस्ती, वार्ड नंबर-26 निवासी जुबेदा पत्नी स्वर्गीय राशिद ने बताया कि उनके दिवंगत पति ने अब्दुल खालिक को 3.50 लाख रुपये उधार दिए थे, जिनमें से केवल 1.20 लाख रुपये वापस किए गए हैं, जबकि शेष राशि लौटाने में टालमटोल की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने आगामी जनसुनवाई में दोनों पक्षों को बुलाकर सुनवाई करने तथा बकाया धनराशि दिलाने का आश्वासन दिया।
प्रॉपर्टी डीलर द्वारा धोखाधड़ी की शिकायत पर हस्तक्षेप
एक अन्य शिकायतकर्ता ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर शिव कुमार ने ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय के निकट एक भूखंड दिखाकर दावा किया कि उसकी पावर ऑफ अटॉर्नी उसके नाम है। इस भरोसे पर शिकायतकर्ता ने 9 लाख रुपये देकर एग्रीमेंट कर लिया, लेकिन बाद में वास्तविक भू-स्वामी ने जमीन बेचने से इंकार कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, डीलर द्वारा केवल 50 प्रतिशत राशि वापस की गई है और शेष धनराशि अभी तक नहीं मिली है। इस पर आयुक्त ने शेष राशि शीघ्र वापस करवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री पोस्ट करने के मामले में चेतावनी
काठगोदाम निवासी हिमानी आर्या ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि अशोक कुमार निवासी खुटलिया, कोटाबाग द्वारा फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उनके अश्लील फोटो एवं वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त दीपक रावत ने संबंधित व्यक्ति को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिए कि भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा पाए जाने पर उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
जनसुनवाई के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर पीड़ितों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए।
जनसुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें से अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।





