अल्मोड़ा। आगामी विधानसभा सत्र और त्योहारों के मद्देनजर अल्मोड़ा पुलिस ने बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन का अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर शनिवार, 24 अक्टूबर को सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जलना क्षेत्र में सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान बिना पुलिस सत्यापन के मजदूर रखने पर एक ठेकेदार का उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत ₹5,000 का नकद चालान किया गया। साथ ही क्षेत्र में रह रहे बाहरी व्यक्तियों के पुलिस सत्यापन की जांच भी की गई। अल्मोड़ा पुलिस ने ठेकेदारों, मकान मालिकों और अन्य संबंधित लोगों से बाहरी मजदूरों, फड़-फेरी लगाने वालों तथा किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना सत्यापन किसी को रखने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


