हल्द्वानी। वार्ड-52 के जज फार्म क्षेत्र में घरों के नलों से दूषित एवं झागयुक्त पानी की आपूर्ति का मामला सामने आने के बाद नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल को पत्र भेजकर प्रभावित क्षेत्र में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
सांसद अजय भट्ट ने पत्र में कहा कि 4 अक्टूबर को प्रकाशित समाचार पत्रों के माध्यम से उन्हें जज फार्म क्षेत्र में घरों में नलों से गंदा एवं झागयुक्त पानी आने की जानकारी मिली। स्थानीय लोगों के अनुसार कई घरों में पहुंच रहा पानी पीने योग्य नहीं है और उसमें गंदगी तथा झाग की शिकायत सामने आई है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में गौला नदी और ट्यूबवेल दोनों की पेयजल पाइपलाइनें मौजूद होने के बावजूद समस्या बनी हुई है। वहीं शीशमहल फिल्टर प्लांट में सिल्ट जमा होने के कारण भी पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की बात सामने आई है।
सांसद ने पत्र में ज्योलिकोट क्षेत्र में दूषित पानी के कारण लोगों के बीमार होने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि दूषित पेयजल से जलजनित बीमारियों के फैलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन को मामले में तत्काल और गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने जिलाधिकारी से जल संस्थान एवं संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र की पेयजल पाइपलाइनों की जांच कराने, पानी के स्रोत एवं गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने तथा पेयजल व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश देने का आग्रह किया है।
सांसद अजय भट्ट ने यह भी कहा कि जब तक क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सामान्य और सुरक्षित नहीं हो जाती, तब तक प्रभावित लोगों को टैंकरों के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी संभावित जलजनित बीमारी के खतरे को रोका जा सके।



