रामनगर, 11 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में अपराधियों एवं नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रामनगर पुलिस को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को अवैध तमंचे तथा दूसरे आरोपी को 5.987 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नई बस्ती, पूछड़ी रामनगर निवासी 26 वर्षीय राजू पुत्र महेश कश्यप को रेलवे के खाली मैदान में शीशम के पेड़ के नीचे से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध एफआईआर संख्या 185/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने नई बस्ती गुलरघट्टी, रामनगर निवासी 25 वर्षीय अनमोल कुमार पुत्र स्वर्गीय संजीव अग्रवाल को 5.987 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 184/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध, अवैध हथियारों एवं नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सोमेन्द्र सिंह, कांस्टेबल गगन भण्डारी एवं कांस्टेबल महबूब आलम शामिल रहे।





