काठगोदाम, 17 जून 2026। राज्य अतिथि गृह, काठगोदाम में राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में बाल अधिकारों के संरक्षण, बच्चों की सुरक्षा तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान बालक-बालिकाओं की शिक्षा, शोषण एवं मानसिक उत्पीड़न की रोकथाम, बाल संरक्षण संबंधी प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन, विद्यालयों में युवाओं के मध्य बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर नियंत्रण, निजी विद्यालयों एवं पुस्तक तथा यूनिफॉर्म विक्रेताओं के बीच संभावित सांठगांठ की निगरानी, विद्यालयों के नियमित एवं औचक निरीक्षण, सुझाव एवं शिकायत पेटिकाओं की उपलब्धता, विद्यालय भवनों के सुदृढ़ीकरण तथा शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित विद्यार्थियों को पुनः जोड़ने के लिए कार्ययोजना तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्यालयों में सुरक्षित, सकारात्मक एवं अनुकूल शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविन्द राम जायसवाल ने आयोग द्वारा दिए गए सुझावों एवं निर्देशों का स्वागत करते हुए आश्वस्त किया कि जनपद के सभी विद्यालयों में आवश्यक सुधारात्मक उपायों और अपेक्षित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी पुष्कर लाल टम्टा, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं उप शिक्षा अधिकारी, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी, सहायक अभियंता तथा समग्र शिक्षा के सभी जिला समन्वयकों ने प्रतिभाग किया।





