अल्मोड़ा, 17 जून 2026। उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह अपने तीन दिवसीय अल्मोड़ा भ्रमण के तहत बुधवार को बिनसर पहुंचे। बिनसर आगमन पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने बिनसर स्थित कुमाऊँ मंडल विकास निगम (केएमवीएन) अतिथि गृह परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए अधिकाधिक पौधारोपण किया जाना चाहिए।
राज्यपाल ने हरित उत्तराखण्ड की अवधारणा को साकार करने में जनसहभागिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए लोगों से वृक्षारोपण अभियानों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





