अल्मोड़ा, 8 जुलाई। “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” की भावना के साथ संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत बुधवार को विकासखंड लमगड़ा के प्राथमिक विद्यालय, शहरफाटक में बहुउद्देशीय सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयोग अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से लोगों को उनके घर-आंगन तक सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ प्रत्येक समस्या का समाधान सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर करीब 1300 लोगों ने पहुंचकर सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान आधार कार्ड, राशन कार्ड, विद्युत एवं पेयजल बिल, पेंशन तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों का निस्तारण किया गया। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी मौके पर ही प्रदान किया गया। बाल विकास विभाग ने पांच लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की। डेयरी विकास विभाग ने गंगा गाय योजना के तहत एक लाभार्थी को 70 हजार रुपये का पशु क्रय अनुदान चेक प्रदान किया, जबकि चार दुग्ध उत्पादकों को स्वच्छ दुग्ध उत्पादन किट वितरित की गई।
वहीं पशुपालन विभाग ने ब्रॉयलर फार्म योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी को 15 हजार रुपये तथा बकरी पालन योजना के तहत एक लाभार्थी को 51 हजार रुपये का अनुदान चेक प्रदान किया। इसके अलावा आठ पशुपालकों को पशु औषधि किट भी वितरित की गई।
शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। लाभार्थियों ने योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा करते हुए सरकार की इस पहल की सराहना की।
शिविर के दौरान कुल 19 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को नियमानुसार संबंधित विभागों को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजा गया।
मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
शिविर में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख लमगड़ा त्रिलोक सिंह रावत, उपजिलाधिकारी जैंती/भनोली सौम्या गर्ब्याल, खंड विकास अधिकारी रोहित वर्मा, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।





