अल्मोड़ा। जनपद के द्वाराहाट विकासखंड स्थित ऐना गांव में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सेना भर्ती की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय युवक सागर सिंह की एक अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचीं दो महिलाएं भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, सागर सिंह अपनी बुआ के घर आया हुआ था। शुक्रवार रात करीब आठ बजे काले कपड़े पहने एक युवक अचानक घर में घुस आया और सागर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण सागर की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
हमले के दौरान सागर को बचाने के लिए उसकी बुआ जानकी देवी तथा चाची सावित्री देवी आगे आईं, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें उपचार के लिए गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी है तथा हत्या के कारणों और आरोपी की पहचान का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।





