नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के समीप शनिवार को शराब के नशे में धुत युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। पहले होम स्टे संचालक के साथ मारपीट की और जब पुलिस मौके पर पहुंची तो स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए। भागने के दौरान उन्होंने तीन वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला घायल हो गई। आखिरकार तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बिजली के पोल से जा टकराई, जिसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो (यू.पी. 32 ए.आर. 0095) में सवार पांच युवक शनिवार देर रात कैंची धाम क्षेत्र पहुंचे थे। किसी बात को लेकर उनका एक होम स्टे संचालक से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। सूचना मिलने पर कैंची धाम पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी वाहन लेकर भाग निकले।
पुलिस ने उनका पीछा किया तो भवाली से पहले आरोपियों ने बेकाबू स्कॉर्पियो से तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक कार में सवार महिला घायल हो गई। इसके बावजूद आरोपी नहीं रुके और तेज रफ्तार में भागते रहे। कुछ दूरी पर उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा भिड़ी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने मौके पर सभी युवकों को हिरासत में लेकर चौकी पहुंचाया और चिकित्सीय परीक्षण के लिए भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक शराब के नशे में थे।
कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को सीज कर दिया है।





