अल्मोड़ा, 7 अप्रैल 2026।
सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जीतब स्थित श्री हरज्यू मंदिर में मंगलवार को आयोजित देव पूजन ‘वैशी’ कार्यक्रम में प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और प्रदेश की उन्नति की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ धार्मिक आस्था से जुड़े स्थलों के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि मानसखंड माला योजना के अंतर्गत प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थलों का जीर्णोद्धार और समग्र विकास किया जा रहा है। इससे जहां धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान विनोद बोरा, क्षेत्र पंचायत सदस्य विनोद मेहरा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।






