देहरादून, 7 जुलाई। उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार सुबह से ही प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज प्रदेश के छह जिलों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने के आसार हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तेज से अति तेज बारिश तथा आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर समेत अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों से खुले स्थानों, नदी-नालों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मानसून का प्रभाव बना रहेगा। 8 जुलाई को विशेष रूप से पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रशासन ने नागरिकों और पर्यटकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।





