भीमताल, 18 जून 2026।
भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चाफी से अल्चौना–ताड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए राज्य सरकार ने 2 करोड़ 26 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। शासन स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि यह मोटर मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में था, जिससे ग्रामीणों, किसानों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बरसात के दौरान सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण वाहन फंस जाते थे तथा लोगों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ती थीं।
ग्रामीणों की मांग पर मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सड़क के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। अब परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद उन्होंने अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि सड़क का डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के विभिन्न क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर भी लगातार डामरीकरण एवं सुधार कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है तथा सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। सड़क निर्माण के लिए स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र की जनता ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त किया।
मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।




