अल्मोड़ा, 14 जुलाई 2026।
जनपद अल्मोड़ा पुलिस बच्चों में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाने और उन्हें जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में मंगलवार को महिला पुलिस टीम ने स्कूल पहुंचकर बच्चों से दोस्ताना माहौल में संवाद किया और उन्हें सड़क सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस से बेझिझक मदद लेने का संदेश दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोडके के निर्देशन में आयोजित इस जनजागरूकता कार्यक्रम में महिला कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्रीमती जानकी भंडारी के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल तुलसी गोस्वामी ने स्कूली बच्चों एवं महिला शिक्षिकाओं से आत्मीय संवाद स्थापित किया।
महिला पुलिस ने बच्चों से खुले और सहज वातावरण में बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना तथा उन्हें यह भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी सच्ची मित्र है। किसी भी प्रकार की परेशानी, भय या असुरक्षा की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए बच्चों को प्रेरित किया गया।
इस दौरान बच्चों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें सड़क पार करते समय सतर्क रहने, सड़क पर खेलकूद न करने, वाहन में सुरक्षित ढंग से बैठने तथा यातायात संकेतों और नियमों का पालन करने की सीख दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा। विद्यालय परिवार ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।





