हल्द्वानी, 14 जुलाई 2026। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में 14 से 18 जुलाई 2026 तक आयोजित हरेला महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित उत्तराखण्ड के निर्माण और प्रकृति के प्रति जनजागरूकता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री अजय भट्ट ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी के साथ परिसर में पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं शिक्षार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली संवर्धन का संकल्प लिया। सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का दायित्व निभाने का भी संकल्प व्यक्त किया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि हरेला महोत्सव केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, स्वच्छ पर्यावरण और भावी पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य सुनिश्चित करने का एक जन-अभियान है। इस आयोजन के माध्यम से समाज को अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।





