अल्मोड़ा, 7 सितंबर। आगामी मां नंदा देवी मेले को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने सोमवार को नंदा देवी मंदिर परिसर सहित नगर क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने मंदिर समिति के सदस्यों एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।
एसएसपी घोडके ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रभावी पुलिस प्रबंधन के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को मेले से पहले सभी तैयारियां पूर्ण करने तथा संभावित भीड़ और यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एवं यातायात की ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
एसएसपी के निरीक्षण से साफ है कि नंदा देवी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है। पुलिस का प्रयास रहेगा कि आस्था के इस ऐतिहासिक पर्व में श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान सीओ अल्मोड़ा/रानीखेत भावना कैंथोला, सीओ संचार राजीव कुमार टम्टा, सीएफओ अल्मोड़ा नरेंद्र सिंह कुंवर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चंद्र उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक यातायात हयात सिंह एवं निरीक्षक एलआईयू मनोज भारद्वाज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




