अल्मोड़ा, 15 जून। आगामी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा को सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को नवीन कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा आगामी 21 जून को जनपद के दो परीक्षा केन्द्रों—केंद्रीय विद्यालय रानीखेत एवं बिपिन त्रिपाठी कुमाऊँ प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआईटी) द्वाराहाट में आयोजित की जाएगी। इन दोनों केन्द्रों पर कुल 504 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इनमें केंद्रीय विद्यालय रानीखेत में 288 तथा बीटीकेआईटी द्वाराहाट में 216 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
जिलाधिकारी ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केन्द्रों का एक दिन पूर्व भौतिक निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का ऑडिट कर किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्युत विभाग को परीक्षा दिवस पर दोनों केन्द्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी पूर्व से तैयार रखी जाएं।
सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सीसीटीवी कैमरे एवं जैमर परीक्षा से पूर्व पूरी तरह क्रियाशील अवस्था में होने चाहिए तथा उनकी कार्यक्षमता का परीक्षण एक दिन पहले ही कर लिया जाए।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा का संचालन निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक हरबंश सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी, उप जिलाधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





