हल्द्वानी/चोरगलिया, 12 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत महिलाओं की सुरक्षा के लिए चोरगलिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मनचले को गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष तारा सिंह राणा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोहम्मद अली (42) पुत्र उस्मान शाह को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से ग्राम बसेंगा, तहसील रतन, थाना नवाबगंज, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) का निवासी है तथा वर्तमान में वार्ड नंबर-08, गौजाजाली, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले लगभग दो माह से एक युवती (काल्पनिक नाम रिया) का लगातार पीछा कर उसे परेशान कर रहा था। आरोप है कि 11 जुलाई 2026 को भी उसने युवती का पीछा किया, अश्लील इशारे किए, रास्ता रोककर उसका हाथ पकड़ लिया तथा विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और तत्काल चोरगलिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
इस संबंध में थाना चोरगलिया में एफआईआर संख्या 32/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 74, 78, 126(2), 352 एवं 351(3) में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक नीशू गौतम, महिला कांस्टेबल सुखविंदर कौर, हेड कांस्टेबल प्रमोद राणा तथा हेड कांस्टेबल दीपचंद शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस ने कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी रहेगा। आमजन से भी अपील की गई है कि महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।





