अल्मोड़ा, 29 जून। जनपद के लमगड़ा क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बलिया-बैगनिया मोटर मार्ग पर उस समय हुआ जब एक अल्टो कार (यूके-04-जेड-5819) अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक पुलिस टीम और रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल गोपाल सिंह और सचिन को बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर हल्द्वानी भेज दिया।
हादसे में कांग्रेस के जिला सचिव राजेंद्र सिंह बिलवाल (40 वर्ष), जगदीश सिंह (35 वर्ष), लछम सिंह (56 वर्ष) तथा पान सिंह (55 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा के निवासी थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग ग्राम विशौद बैगनिया से अपने गांव बलिया लौट रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस जिला सचिव राजेंद्र सिंह बिलवाल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।





