नैनीताल। कैंची धाम स्थापना दिवस एवं मेले के दौरान सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
एसएसपी ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा यह गलत प्रचार किया जा रहा है कि कैंची धाम क्षेत्र में स्थानीय लोगों को आने-जाने से रोका जा रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि कैंची धाम, गरमपानी, हरतपा तथा आसपास के क्षेत्रों के सभी स्थानीय निवासी वैध पहचान पत्र दिखाकर निर्धारित व्यवस्था के तहत बिना किसी अनावश्यक रोक-टोक के आवागमन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कैंची धाम स्थापना दिवस एवं मेले के अवसर पर प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही के कारण यातायात का दबाव बढ़ना स्वाभाविक है। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि कैंची धाम क्षेत्र के होटलों में जिन श्रद्धालुओं की कन्फर्म बुकिंग है, उनके वाहनों को भी अनुमति प्रदान की जा रही है। इसके लिए होटल की पुष्ट बुकिंग दिखानी होगी, जिसके सत्यापन के बाद वाहन को तत्काल आगे जाने दिया जाएगा।
इस संबंध में एसपी ट्रैफिक, सीओ ट्रैफिक, एसएचओ भवाली सहित सभी जोनल एवं सुपर जोनल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि स्थानीय नागरिकों तथा वैध बुकिंग वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से संयम बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना है।





