हल्द्वानी, 12 जून 2026। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकासखंड हल्द्वानी सभागार में शुक्रवार को एक विकास गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे हुआ तथा इसकी अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख श्रीमती मंजू गौड़ ने की।
गोष्ठी के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों एवं आमजन को दी गई। इस अवसर पर विकास पुस्तिका का वितरण भी किया गया, जिसमें बीते वर्षों में हुए विकास कार्यों एवं उपलब्धियों का उल्लेख किया गया है।
बैठक में सहायक विकास अधिकारी (ABDO) प्रदीप पंत ने मनरेगा के स्थान पर आगामी 1 जुलाई से प्रस्तावित बीबीजीआरवाई (BBGRY) योजना के संबंध में उपलब्ध जानकारी साझा की। उन्होंने आवास प्लस ग्रामीण योजना की पात्रता, चयन प्रक्रिया एवं लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की जानकारी एडीओ समाज कल्याण कुमारी पूजा भट्ट ने दी। वहीं, ग्रामीण उद्यमिता एवं स्वयं सहायता समूहों से संबंधित रीप (REAP) तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) की विभिन्न गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी रीप समन्वयक श्री मनोज भट्ट द्वारा प्रस्तुत की गई।
पंचायती राज एवं ग्राम्य विकास से संबंधित विषयों पर एडीओ पंचायत ललित सिंह ने जानकारी देते हुए जन्म-मृत्यु पंजीकरण, समान नागरिक संहिता (UCC) तथा पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी उपस्थित लोगों को दी।
कार्यक्रम में कालाढूंगी विधायक श्री बंशीधर भगत के प्रतिनिधि श्री पूरन गौड़ सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य नेहा ओडिशा, भुवन प्रसाद, पूनम भट्ट, चिंतामणि पांडे तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त विकासखंड के समस्त एनआरएलएम एवं रीप स्टाफ, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
गोष्ठी में वक्ताओं ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा ग्रामीण विकास में जनभागीदारी को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया।





