अल्मोड़ा — विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चैहान के प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र अल्मोड़ा के विकासखंड हवालबाग के ग्राम पंचायत महतगांव एवं ग्राम पंचायत बिरौड़ा में लघु डाल विभाग के माध्यम से लिफ्ट सिंचाई योजना हेतु नाबार्ड मद से शासन से वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। ग्राम पंचायत महतगांव हेतु 48.06 लाख एवं ग्राम पंचायत बिरोड़ा हेतु 81 लाख 80 हजार की धनराशि की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। इन ग्राम पंचायतों में काफी कृषि योग्य उपजाऊ सिंचाई भूमि उपलब्ध है जो काफी लंबे समय से सिंचाई हेतु ग्रामीणों की समस्या बनी हुई थी। ग्रामीणों द्वारा इस संबंध में लगातार माननीय विधानसभा उपाध्यक्ष से पत्राचार के माध्यम से वार्ता की जा रही थी माननीय उपाध्यक्ष द्वारा शासन स्तर पर वार्ता कर उक्त दोनों योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति प्रदान करवा दी है। उन्होंने कहा कि लिफ्ट सिंचाई योजना के बन जाने से ग्रामीणों को सिंचाई हेतु जल उपलब्ध हो सकेगा एवं काश्तकारों को अपनी आजीविका चलाने में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि लघु डाल के अधिशासी अभियंता से तत्काल दोनों योजनाओं में टेंडर लगाकर ग्रामीणों को सिंचाई हेतु जल्दी से जल्दी पानी उपलब्ध कराने हेतु दूरभाष के माध्यम से निर्देशित कर दिया गया है।

