हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे देवतुल्य कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने हल्द्वानी के बच्ची नगर स्थित आवास पर सांसद अजय भट्ट से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने सड़क, बिजली, पानी, विकास कार्यों सहित विभिन्न जनसमस्याओं एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सांसद के समक्ष प्रमुखता से रखा।
सांसद अजय भट्ट ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर तत्काल वार्ता कर समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए अनावश्यक विलंब न करने को कहा।
इस दौरान सांसद ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
सांसद ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और आम जनता से सीधे संवाद के माध्यम से क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है, जिससे उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करना आसान होता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि जनहित के मामलों में उनकी आवाज को मजबूती से उठाने और समस्याओं के समाधान के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।




