हल्द्वानी, 19 जून 2026।
21 जून को आयोजित होने वाली NEET-2026 परीक्षा को पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुचिता के साथ संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर निगम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की गरिमा बनाए रखने तथा सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सघन जांच, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण तथा परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील हों तथा नियमानुसार बायोमैट्रिक सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने तथा आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए बैकअप व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ ही केंद्रों के आसपास यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने को कहा। जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे निर्धारित समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित संचालन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूरी मुस्तैदी से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
बैठक में परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए जनपद को 2 जोन और 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र को एक सेक्टर बनाया गया है तथा वहां अधिकारियों की तैनाती की गई है। जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर कुल 3874 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा 21 जून को अपराह्न 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
बैठक में एसपी सिटी मनोज कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी, सिटी कोऑर्डिनेटर, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।





