नैनीताल/भीमताल/हल्द्वानी, 21 जून 2026 (सूवि)।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद नैनीताल में विकास भवन भीमताल, फ्लैट्स मैदान नैनीताल तथा मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल के मार्गदर्शन में मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी स्वीप, मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं समन्वयक स्वीप तथा जिला आयुष अधिकारी के समन्वय से आयोजित कार्यक्रमों में योगाभ्यास के साथ-साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (S.I.R.) अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
भीमताल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा एवं दर्जा राज्य मंत्री भावना मेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया तथा नियमित योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी।
योगाभ्यास के उपरांत उपस्थित जनसमूह को विशेष गहन पुनरीक्षण (S.I.R.) अभियान के संबंध में जागरूक किया गया। नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने तथा विवरणों के सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया। साथ ही लोकतंत्र को सशक्त बनाने में शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची की महत्ता पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर “स्वस्थ नागरिक, सशक्त लोकतंत्र” का संदेश देते हुए योग और मतदाता जागरूकता को एक सूत्र में पिरोया गया। कार्यक्रम स्थलों पर S.I.R. अभियान से संबंधित प्रचार सामग्री वितरित की गई तथा उपस्थित नागरिकों को मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम का समापन योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ हुआ। जनपद के अन्य स्थानों पर आयोजित योग कार्यक्रमों में भी S.I.R. अभियान की जानकारी देकर मतदाताओं को जागरूक किया गया।





