अल्मोड़ा। चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में पर्यटन सीजन को देखते हुए जनपद पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत काली फिल्म लगे वाहनों, अवैध लाल-नीली बत्ती का प्रयोग करने वालों, रेट्रो साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों तथा यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 23 मई 2026 को हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन तथा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में दिनेश नाथ महंत द्वारा जागेश्वर मंदिर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस टीमों के साथ लगातार भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस द्वारा मंदिर क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाहनों की गहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान चेकिंग के समय एक यूपी नंबर वाहन में अवैध रूप से लाल-नीली बत्ती लगी पाई गई। जांच में सामने आया कि वाहन चालक मंदिर क्षेत्र में जल्दी प्रवेश पाने के उद्देश्य से उक्त बत्ती का प्रयोग कर रहा था।
मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष दन्या ने वाहन चालक के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की। साथ ही भविष्य में इस प्रकार के अवैध कृत्य न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
अल्मोड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्यटन सीजन के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात सुविधा मिल सके।





